ऊना। बाहरी राज्यों में काम-धंधा और नौकरी में लगे लोग त्योहारी सीजन के खत्म होते ही वापस कार्य क्षेत्रों की ओर लौटे गए। इसके चलते बस अड्डे पर दिन भर भीड़ लगी रही। लोग जान जोखिम में डाल कर बस में सवार हुए।
लोग खड़े होकर सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करने के लिए तैयार दिखे। छोटे बच्चों और बुजुर्गों सहित सफर करने वाले लोग अड्डे पर ही अगली बसों का इंतजार करते देखे गए। सुबह से ऊना बस अड्डे पर यात्रियों की खूब चहल-पहल रही। खचाखच यात्रियों से भरी बसों के चलते लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भीड़ को देखते हुए आनन-फानन में परिवहन निगम को विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त 20 बसें चलानी पड़ीं। जिला मुख्यालय पर दिनभर जाम की स्थिति रही। हालत यह थी कि रेड लाइट चौक से लेकर रोटरी चौक तक व हमीरपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।
जिले के हजारों लोग बद्दी, दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में आजीविका कमाने के लिए कार्यरत हैं। त्योहारी सीजन के चलते ही लोग हर साल की तरह त्योहारों को परिवार सहित मनाने के लिए घर आए थे। रविवार को त्योहार की छुट्टियां खत्म होने के बाद लोग वापस काम पर लौटना शुरू हो गए। इससे ऊना बस अड्डे पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि परिवहन निगम ने लोगों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त बसों की भी व्यवस्था की गई, लेकिन हजारों लोगों के आगे सभी व्यवस्थाएं बौनी पड़ती दिखीं। चंडीगढ़ जाने वाले यात्री रमन कुमार, विनय, कृष्ण कुमार, मंजू बाला, सुकन्या, राजेश, अर्पित, जालंधर जाने वाले अमरजीत सिंह, विजय कुमार, राकेश चंद, संतोष, सुखविंद्र सिंह और लुधियाना जाने वाले राज कुमार, सुरेश कुमार, अजय सिंह, सुषमा और सुमन लता ने बताया कि बसों में बहुत भीड़ है। सोमवार को काम जाने के लिए वहां जाना जरूरी है। इसके चलते वह किसी भी प्रकार सफर तय करने के लिए तैयार हैं। एचआरटी ऊना के आरएम जगरनाथ ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं। भीड़ काफी है, लोगों की सहूलियत देने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।