खनन कार्यों से प्रभावित क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की प्रथम बैठक, उपायुक्त रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति की अध्यक्षता में सोमवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया। इसमें ट्रस्ट संचालित प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। डीसी ने बताया कि प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना का मुख्य उद्देश्य खनन कार्यों से प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य इत्यादि का सुदृढ़ीकरण है। डीसी राकेश कुमार प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के अंतर्गत खनन कार्यों से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष दोनों रूप से प्रभावित क्षेत्रों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 60 प्रतिशत निधि का उच्च प्राथमिकता वाली सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल सप्लाई, प्रदूषण नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा, महिला और बाल विकास, स्वच्छता, कौशल विकास सहित वृद्ध एवं असहाय लोगों के उत्थान के लिए किया जाएगा। 40 प्रतिशत निधि का उपयोग भौतिक अधोसंरचना जैसे सड़क-पुलों के निर्माण, जल स्रोतों व वर्षा जल संग्रहण ढांचों के निर्माण के लिए किया जाएगा। जिन पंचायतों को खनन पट्टे बांटे गए हैं, वे पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के प्रस्ताव खनन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमन शर्मा, महाप्रबंधक जिला उद्योग निगम अंशुल धीमान, डीएफओ यशुदीप सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग एसके शर्मा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीएस देहल, खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा, अधिशाषी अभियंता प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एसके धीमान उपस्थित रहे।