ऊना। नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए शुरू किया गया अभियान पहले दिन ही दम तोड़ता नजर आया। एसपी दिवाकर शर्मा ने बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने वालों को सबक सीखाने के लिए उनके वाहनों को रिकवरी वैन से उठाने के निर्देश जारी किए थे। लेकिन शनिवार को यह अभियान शुरू होने से पहले ही जवाब दे गया। शनिवार को रिकवरी वैन की मदद से पुलिस ने ऐसे वाहनों को उठाने कव काम शुरू करना चाहा लेकिन पीएनबी बैंक के समीप वैन चालक इसे आपरेट नहीं कर पाया। हुआ यूं कि एक कार चालक अपनी गाड़ी को बेतरतीब ढंग से सड़क पर ही पार्क कर चला गया।
वैन कार को उठाने का प्रयास करती रही लेकिन कार को उठा न पाई। इतनें में कार का मालिक भी मौके पर पहुंच गया। उसने भी करीब 20 मिनट तक पुलिस के सामने नो पार्किंग होने के चलते गाड़ी को वैन में उठाने तक वहीं पर खड़ा रहा। लेकिन इस दौरान भी ऑपरेटर गाड़ी को न उठा पाया, जिस वजह से कार चालक भी वहां से निकल गया। रिकवरी वैन से गाड़ी को उठाने का प्रयास होता देख स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। जब इस बारे रिकवरी वैन चालक से पूछा गया तो उसने कहा कि उसे चलानी आती है लेकिन बाद में उसने मान लिया कि उसे इस गाड़ी को चलाने का पूरा ज्ञान नही है। उधर, एएसपी अमित शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।