चिंतपूर्णी (ऊना)।
चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार से शुरू हो रहे चैत्र नवरात्र मेले के लिए तैयारियां जोरों से चली हुई हैं। प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्थाएं बनाने में जुटे हैं, कुछ श्रद्धालु भी इसमें योगदान दे रहे हैं। मंदिर की सजावट के लिए श्रद्धालुओं ने थाईलैंड, कोलकाता और बंगलूरू से फूल मंगवाए हैं। फूल मंदिर में पहुंच गए हैं। कारीगरों ने मालाएं और गुलदस्ते बनाकर मंदिर परिसर की सजावट शुरू कर दी है।
श्रद्धालु लाखों रुपये मंदिर की सजावट के लिए खर्च किया जा रहा है। मंदिर अधिकारी प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि मंदिर की सजावट का काम एक श्रद्धालु खुद करवा रहा है। श्रद्धालु ने फूल व सजावट के लिए कारीगर भी भेजे गए हैं। मुबारिकपुर से भरवाईं सड़क की मरम्मत का काम भी लोक निर्माण विभाग कर रहा है। सहायक अभियंता दिनेश कुमार जसवाल ने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ने हो, इसके लिए सड़क की मरम्मत का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने से सड़क की मरम्मत में कुछ रुकावट आ रही है।
एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने बताया कि सड़कों पर खड़े होकर लंगर बांटने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पॉलिथीन और डिस्पोजेबल मैटीरियल पर भी प्रतिबंध रहेगा। मेले में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान व्यवस्थाएं बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।