ऊना। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष एवं सांसद लोकसभा अनुराग ठाकुर ने कहा कि जिला के सभी विभाग विशेषकर स्वास्थ्य तथा शिक्षा एक माह के भीतर जिले में जितने भी असुरक्षित भवन हैं, उनकी रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। अनुराग ठाकुर शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य में असुरक्षित भवनों के कारण किसी तरह के जान-माल का नुकसान न हो, इसके लिए सभी विभाग तत्परता के साथ कार्य करते हुए अपनी रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी अधिकारियों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की फीडबैक देने का भी आह्वान किया। जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में जमीनी स्तर पर आ रही दिक्कतों को दुरुस्त कर योजनाओं के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को सरकार की योजनाओं को ग्रामीण स्तर पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करने पर भी बल दिया। बैठक में मनरेगा, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सर्वशिक्षा अभियान, मध्याहन भोजन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि देश को 2025 तक क्षय रोग (टीबी) से मुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इस दिशा में कार्य करने का आह्वान किया गया। उन्होंने जिले में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्कूलों तथा ग्राम सभाओं के माध्यम से व्यापक जन जागरूकता लाने के भी निर्देश दिए। बैठक में विधायक ऊना सतपाल सिंह सत्ती, विधायक कुलैहड़ वीरेंद्र कंवर, उपायुक्त विकास लाबरू, एडीएम सुखदेव सिंह, पीओ डीआरडीए राजेंद्र गौतम, नगर परिषद अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी, पूर्व विधायक बलवीर, संतोष सैणी, हिमोत्कर्ष संस्था के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह सहित समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।