अंब (ऊना)। उपमंडल के मुबारिकपुर में 42 वर्षीय महिला ने खुद को आग लगा कर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। शनिवार सुबह हादसा उस समय हुआ जब वह घर पर अकेली थी और एक कमरे में अंदर से कुंडी बंद कर उसने खुद को आग लगा ली। पड़ोसियों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर उसे बाहर निकाला और तुरंत सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक मुबारिकपुर के वार्ड नंबर 4 में शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे मीना देवी पत्नी बिशन सिंह ने उस समय खुद को आग लगा ली जब उसका पति खाना खाकर काम के लिए बाहर चला गया था और उसकी सास मंदिर गई हुई थीं। उसका एक बेटा और बेटी हैं, जो अपने नाना के घर गए हुए थे। कमरे से धुआं उठते देखकर पड़ोसियों ने कुंडी तोड़कर उसे बाहर निकाला और आग बुझाई। उसे निजी वाहन से तुरंत सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। महिला के मायके डंगोह दौलतपुर में हैं। पुलिस ने इस संबंध में महिला के मायके वालों के बयान भी कलमबद्ध किए हैं। पुलिस के मुताबिक मायके पक्ष के लोगों ने इस संबंध में किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। हालांकि, अभी तक महिला के आत्महत्या करने के कारणों का सुराग नहीं लग पाया है। उपमंडल अंब के थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।