ऊना। जिला में भीषण गर्मी के बीच यहां बार-बार तारों सहित ट्रांसफार्मर के जलने का नुकसान विद्युत बोर्ड को झेलना पड़ रहा है। ऊपर से लेटलतीफ बिजली उपभोक्ता अपने लंबित बिजली बिलों की समय पर अदायगी नहीं कर रहे हैं। इससे विद्युत बोर्ड पर आर्थिक तंगी का बोझ काफी बढ़ रहा है। विद्युत बोर्ड के अनुसार जिला ऊना में करीब 19 हजार विद्युत उपभोक्ता करीब 2.81 करोड़ रुपये की बिजली बिलों की राशि पर कुंडली मारे बैठे हैं।
लंबित राशि में घरेलू बिजली मीटर के उपभोक्ता 1.51 करोड़ तो कमर्शियल उपभोक्ताओं में 1.3 करोड़ रुपये शामिल हैं। अगर समय पर इन बिलों की अदायगी हो जाए तो यह बड़ी राशि विद्युत संबंधित रखरखाव के लिए काम आएगी। लेटलतीफ उपभोक्ताओं को बार बार हिदायत जारी करने सहित कनेक्शन काटने और लगाने में विद्युतकर्मियों का समय खपत हो रहा है। हालांकि बार-बार उपभोक्ताओं को चेतावनी देने के बावजूद लंबित राशि को जमा नहीं कराया है। अब विद्युत बोर्ड के अधिकारी लंबित राशि लेने के लिए फिर से संबंधित उपभोक्ताओं से अपील करेंगे। अधिकारियों की मानें तो यहां विद्युत बोर्ड समय-समय पर इस भीषण गर्मी के बीच अपनी क्षमता से आगे जाकर लोगों को विद्युत संबंधित रखरखाव के लिए सेवाएं प्रदान कर रहा है, लेकिन जिला के विद्युत उपमंडल ऊना, गगरेट और अंब के तहत पड़ते कई उपभोक्ता आज भी करोड़ों रुपये की राशि को जमा न कराकर बोर्ड को आर्थिक तंगी की ओर धकेल रहा है, जबकि बोर्ड ने ऐसे लेटलतीफ उपभोक्ताओं को स्पष्ट तौर पर कहा है कि एक बार बिजली कनेक्शन कटने पर दोबारा जोड़ने में अधिक समय लग सकता है।
-
संबंधित उपभोक्ताओं को समय-समय पर हिदायत दी जा रही है। विद्युत बोर्ड के बिजली बिलों की राशि को सभी उपभोक्ता समय पर जमा कराएं।
-ई. बलराज सांगर, अधीक्षण अभियंता, विद्युत बोर्ड, ऊना मंडल