गांव अप्पर दौलतपुर पंचायत लोअर पंजावर में स्वास्थ्य शिविर में लोगों के स्वास्थ्य की जांच करते
टाहलीवाल (ऊना)। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की हरोली टीम ने शुक्रवार को लोअर पंजावर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। इस मौके पर 80 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसमें उच्च रक्तचाप के 07, मधुमेह के 05, जोड़ों के दर्द के 19 मरीज पाए गए। शिविर के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की सामान्य जांच एवं रक्त जांच निशुल्क की गई। इस दौरान मरीजों को उपयुक्त उपचार सलाह एवं दवाइयों का वितरण भी निशुल्क किया गया। इस मौके पर आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे। डाॅ. प्रदीप कुमार का कहना है कि शिविर का आयोजन क्षेत्र में नियमित तौर से किया जा रहा है। कई रोगों से ग्रस्त मरीज सामने आ रहे हैं। लोगों का खानपान सही और पौष्टिक न होने की सूरत में कई बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपना खानपान सही और संतुलित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में उबला हुआ पानी पिएं और बाजार का खाना न खाएं, घर में संतुलित आहार का सेवन करें। कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति बरसात के मौसम में जलजनित रोगों की चपेट में आता है तो घर में इलाज करने की बजाय अस्पताल में चिकित्सकों से समय रहते उपचार के लिए परामर्श करें, ताकि समय रहते उपचार किया जा सके और रोग को बढ़ने से रोका जा सके। शिविर में डॉ. प्रदीप कुमार, प्रीति, मनीष, निहाल व अन्य सदस्य मौजूद रहे।