दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक में नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। तीन दिनों में कुल 19 प्रत्याशियों ने मैदान में उतरकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
कई वार्डों में सीधी टक्कर है तो कुछ में बहुकोणीय संघर्ष के आसार हैं, जिससे इस बार चुनाव परिणाम अप्रत्याशित रह सकते हैं। नामांकन के बाद अब सभी प्रत्याशी जनसंपर्क में जुट गए हैं।
अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित होने से मुकाबला सीमित दायरे में जरूर सिमटा है लेकिन असली लड़ाई वार्ड स्तर पर और भी दिलचस्प हो गई है।
कुल मिलाकर दौलतपुर चौक में इस बार चुनाव सीधी लड़ाई नहीं बल्कि रणनीति, समीकरण और सूक्ष्म वोट बैंक का खेल बन चुका है। अब नजरें मतदान के दिन पर टिकी हैं, जहां मतदाता एक-एक वोट से सियासी तस्वीर तय करेंगे।
नगर पंचायत में कुल 3048 मतदाता हैं, जिनमें 1536 महिलाएं और 1512 पुरुष शामिल हैं। महिलाओं की 24 वोट की बढ़त चुनावी समीकरण को सीधा प्रभावित कर सकती है। वहीं इस बार 42 नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे, जो किसी भी वार्ड में ‘गेम चेंजर’ साबित हो सकते हैं।
वार्डों में वोट का गणित वार्ड-1 में 648, वार्ड-2 में 654, वार्ड-3 में 273, वार्ड-4 में 354, वार्ड-5 में 299, वार्ड-6 में 487 और वार्ड-7 में 333 मतदाता हैं। ऐसे में हर घर तक पहुंच बनाना प्रत्याशियों की मजबूरी बन गया है।