ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव लालसिंगी के जंगल स्थित बाड़े में अचानक आग लगने से 15 मेमने जिंदा जल गए। वहीं डेढ़ दर्जन से अधिक मेमने बुरी तरह से झुलस गए हैं। वहीं सूचना मिलते पशु पालन विभाग की टीम ने मेमनों का उपचार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ऊना सर्वजीत सिंह सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि अभी आग लगने के कारणों का सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार भेड़ पालक सोमदत्त निवासी धर्मशाला, जिला कांगड़ा पिछले करीब एक महीने से लालसिंगी के जंगल में रह रहा है। मंगलवार दोपहर बाद सोमदत्त अपनी भेड़ों को लेकर जंगल में चला गया। और 30 मेमनों को बाड़े में छोड़ गया। कुछ देर बाद उठते धुंए को देखकर सोमदत्त वापस पहुंचा, तो पाया कि 15 मेमने आग की चपेट में आने जिंदा जल गए है, जबकि 16 बुरी तरह से झुलस गए। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी व तहसीलदार मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। वहीं पशु चिकित्सकों की टीम ने आग में झुलसे मेमनों का उपचार किया। तहसीलदार ऊना विजय ने कहा कि आग की सूचना मिलते ही मौके का जायजा लिया गया है। पीड़ित सोमदत्त को फौरी तौर पर टैंट, कंबल सहित सहायता राशि दी जा रही है। थाना प्रभारी सर्वजीत सिंह ने कहा कि आग लगने के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।