ऊना। रायपुर सहोड़ा निवासी सुमित का शव कोटला कलां में पेड़ से लटका मिलने के बाद मामला गरमा गया है। एक ओर जहां मृतक परिजन और रायपुर सहोड़ा के ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरी ओर कोटला कलां के निवासियों और पंचायत ने भी मोर्चा खोल दिया है।
कोटला कलां पंचायत और लोगों ने सुमित के निधन पर दुख जताया। उन्होंने पुलिस को जांच में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है। उन्होंने पुलिस पर बेवजह तंग करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि गांव के लोगों को बिना वजह तंग किया तो वे चक्का जाम करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस के पास कोई ठोस सबूत हो तो वे पूर्ण सहयोग करेंगे। यदि कोटला कलां के ग्रामीणों के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलता है, तो जेल भरो आंदोलन चलाएंगे।
शनिवार को श्री राधा कृष्ण मंदिर कोटला कलां में प्रधान पूजा देवी के नेतृत्व में बैठक हुई। बैठक में ग्रामीणों ने भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। बैठक में ग्रामीणों को पुलिस द्वारा बेवजह तंग करने का आरोप लगाया गया। प्रधान पूजा ने कहा कि सुमित 24 सितंबर को शाम करीब 7 बजे से लापता है। 25 सितंबर की सुबह गांव में नरेश कुमार की बाइक, मोबाइल और चप्पल लावारिस मिले। इसकी सूचना तुरंत की पुलिस को दी। इसके बाद से पुलिस हर रोज ग्रामीणों को पूछताछ के लिए थाना बुला रही है। रोजाना ग्रामीण थाने के चक्कर लगाकर तंग आ चुके हैं। प्रधान ने कहा कि मामले को लेकर 15 अक्तूबर को डीसी और एसपी से मुलाकात की जाएगी। इस अवसर पर उपप्रधान बलबीर सेठ, रजनी सैनी, अशोक कुमार, राज रानी, परमला देवी, सीता देवी, महेंद्र कुमार, महेश कुमार, राममूर्ति, नीलम सैनी, लवली कुमार, शामू सैनी, लाडी सैनी, कमला देवी, किरण सैनी, सीमा देवी, निखिल सैनी व दीपक सैनी सहित अन्य उपस्थित रहे।