ऊना।
जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एडीसी कृतिका कुलहरी ने की। इस बैठक में गैर सरकारी सदस्य ने बंगाणा उपमंडल में महीने में दो बार सीएसडी मोबाइल कैंटीन की सुविधा मुहैया करवाने के मामला उठाया। इस पर एडीसी ऊना कृतिका कुलहरी ने कहा कि इस मामले को संबंधित अधिकारियों से उचित स्तर पर उठाया जाएगा ताकि बंगाणा के पांच हजार पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को घर के समीप सुविधा मिल सके। वहीं ऊना में पूर्व सैनिकों के लिए समुदाय भवन निर्माण को लेकर एडीसी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए मामला उचित स्तर पर उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में ईसीएचएस इंपैनल्ड अस्पताल से जुडे़ मामले को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा गैर सरकारी सदस्य की ओर से आर्मी कैंप के लिए गगरेट में चिन्हित भूमि की निशानदेही का मामला उठाया गया। इस पर एडीसी ने अधिकारियों से भूमि की निशानदेही करवाने के निर्देश दिए। कृतिका कुलहरी ने पिछले तीन माह की गतिविधियों की समीक्षा कर बताया कि जिले में इस दौरान झंडा दिवस निधि से छह पात्र पूर्व सैनिकों व विधवाओं को 45 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है।
इसी तिमाही के दौरान जिले में 115 पूर्व सैनिकों व 274 विधवाओं को लगभग 24 लाख 36 हजार रुपये की राशि बतौर बुढ़ापा पेंशन दी गई है। इसी दौरान ऊना में 128 पूर्व सैनिकों व विधवाओं के आश्रितों को आश्रित प्रमाणपत्र दिए गए हैं। 181 पूर्व सैनिकों व 98 विधवाओं के पूर्व सैनिक पहचान पत्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऊना में वित्तीय वर्ष के दौरान 112 वीरता पुरस्कार विजेताओं को लगभग 29.51 हजार रुपये की राशि बांटी गई है। इसी अवधि में 146 मृतक पूर्व सैनिकों की डिमाइस ग्रांट के लिए मामले भेजे गए हैं।
इसी अवधि में 2738 पूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके आश्रितों की समस्याओं का निपटारा किया गया है।
बैठक में उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघुवीर सिंह, डीएसपी अशोक वर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा भूप सिंह, एलडीएम टीपी सिंह, जीएम उद्योग अंशुल धीमान, रोजगार अधिकारी अनीता गौतम, डॉ. रमन, कर्नल टीएस जसवाल, कर्नल एसएस गोराया, हिमोत्कर्ष संस्था के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह, यशपाल ठाकुर, कैप्टन प्रीतम सिंह डढ़वाल, कैप्टन सुशील कुमार, नायब सूबेदार मान चंद, अश्वनी कुमार, सतीश कुमार उपस्थित थे।
बेटियों की शादी के लिए 50 हजार मदद : एडीसी
एडीसी कृतिका कुलहरी ने बताया कि सरकार ने पूर्व सैनिकों की बेटियों की शादी पर दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को 16 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया है। उन्होंने बताया कि पिछले तिमाही में प्राप्त 33 मामलों को निदेशक सैनिक कल्याण को भेजा है। बच्चों की शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता के तहत 82 मामलों को निदेशक सैनिक कल्याण को भेजा है। 17 पारिवारिक पेंशन के मामलों को अभिलेख कार्यालय को भेजा है। प्रधानमंत्री स्कॉलरशिप ग्रांट के तहत 16 मामलों में नाम भेजे गए हैं।