अमर उजाला ब्यूरो
लठियाणी (ऊना)।
लठियाणी पंचायत की सराय में नाबार्ड और एडीआई संस्था ने स्वयं सहायता समूहों के लिए चलाए जा रहे सूक्ष्म उद्यमिता विकास कार्यक्रम का समापन हुआ। इसमें जिला के पंजाब नेशनल बैंक के एलडीएम टीपी सिंह ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने आंवला जूस, स्कवैश और आचार बनाने के गुर सिखने वाले प्रशिक्षणार्थियों को सर्टिफिकेट बांटे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में समूह की जिन सदस्यों ने आंवला से बनने वाले उत्पादों जैसे अचार, मुरब्बा, जैम, स्कवैश का प्रशिक्षण लिया है, वे सभी महिलाएं बैंक से लोन लेकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकती हैं।
इससे महिलाओं को आत्मबल मिलेगा और वह भी समाज में अपना पक्ष मजबूती से रख सकेगी। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि प्रशिक्षण के बाद अपना कारोबार अवश्य शुरू करें। इस कार्यक्रम में पीएनबी के स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक राज कुमार डोगरा ने समूह सदस्यों को स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र के बारे में बताया। इस कार्यक्रम के अंत में लठियाणी पंचायत प्रधान सत्या देवी ने नाबार्ड का धन्यवाद किया। इस कलस्टर की 40 महिला सदस्य उपस्थित रहीं।