मैहतपुर (ऊना)। दिवाली पर बिकने वाली चाइनीज सामान की मांग इस दफा काफी घट गई है। यही वजह है कि मिट्टी के दीयों की मांग में इजाफा दिखाई दिया है। पिछले साल दिवाली पर बाजारों में मिट्टी के दीयों की कम लागत से निराश कुम्हार इस दफा अच्छी आमदनी की उम्मीद जता रहे हैं।
इलेक्ट्रोनिक सामान में भी इस दफा ग्राहक भारतीय सामान खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। इसके चलते इस बार चाइनीज सामान की बिक्री पर खासा प्रभाव पड़ा है। चाइनीज सामान के बहिष्कार तथा भारत एवं चीन के साथ सीमा पर चल रही तनातनी से इस दफा कारोबारियों ने भी चाइनीज सामान की सेल में काफी कम रुचि दिखाई है।
स्थानीय मेन बाजार, रेलवे रोड, नया नंगल, मेन मार्किट, जवाहर मार्किट, पहाड़ी मार्किट तथा अन्य बाजारों में इस बार पिछले साल के मुकाबले काफी कम चाइनीज सामान दुकानों पर देखने को मिल रहा है। कई पटाखा विक्रेताओं ने कहा कि इस बार चाइनीज पटाखों की खरीद ही नहीं की। कई कारोबारियों ने लुधियाना तथा कुराली से पटाखे खरीदकर सजाए हैं, जिनमें चाईनीज पटाखे नाम मात्र हैं।
कारोबारियों संजय कुमार, विनोद कुमार, दीपक, राजेश तथा गुलशन ने बताया कि चाइनीज सामान की खरीद ही बहुत कम हुई है। मिट्टी के दीयों की मांग भी इस बार पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है। मिट्टी का सामान तैयार करने वाले कारोबारी रामपाल, नरेश कुमार, सोहन, निर्मल सिंह तथा कुलवंत ने बताया कि इस बार उनकी दिवाली अच्छी रहने की संभावना है।