मंगलवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में दिनभर लगी भक्तों की रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। मां चिंतपूर्णी दरबार में चल रहे श्रावण अष्टमी मेले के दूसरे दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई। दर्शनों के लिए लगी कतार पुराने बस स्टैंड के आसपास रही।
कुछ भक्त झंडे हाथ में उठाकर नाचते गाते मंदिर की ओर जत्थों में बढ़ते दिखाई दिए। लंगरों के आसपास काफी रौनक रही। जानकारी के अनुसार मंगलवार को शाम छह बजे तक करीब 18000 श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी दरबार में हाजिरी लगाई। मां के दरबार में मंगलवार और रविवार के दिन भारी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रावण नवरात्र के उपलक्ष्य में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली जैसे पड़ोसी राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पावन पिंडी का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। मंगलवार को श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न संस्थाओं ने लंगर के प्रबंध किए।
मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के रहने, खाने से लेकर उनके कतारों में खड़े होने तक सार सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। कहा कि अगर किसी भक्त को किसी प्रकार की परेशानी आती है तो वह मंदिर प्रशासन को बता सकता है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन न करें। मालवाहक वाहनों में सफर से बचें।