पुलिस ने मामला दर्ज कर शराब की पेटियों को लिया कब्जे में
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। थाना बंगाणा पुलिस ने नाकाबंदी और गश्त के दौरान डुमखर में एक पिकअप गाड़ी से 150 पेटियां (1800 बोतलें) देसी शराब बरामद की हैं। थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि शनिवार रात करीब 10:30 बजे पुलिस टीम एएसआई बलवंत सिंह के नेतृत्व में डुमखर में गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ऊना की तरफ से आती एक पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब पाई गई। पिकअप का चालक अजय सिंह पुत्र सुभाष चंद्र, निवासी हरोली के दुलैहड़ गांव बोलेवाल कोई भी वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने सभी पेटियों को मौके पर कब्जे में लेकर सील कर दिया। डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी रहेगा।