विधायक ने कुछ माह पूर्व आठ शिक्षकों को किया अस्थायी आधार पर नियुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को जोगी पंगा में क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों में अस्थायी रूप में नियुक्त किए शिक्षकों को अपनी निजी आय से मानदेय के चेक प्रदान किए। विधायक विवेक शर्मा ने कुछ माह पूर्व आठ शिक्षकों को अस्थायी आधार पर नियुक्त किया है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। इन शिक्षकों की नियुक्ति से क्षेत्र के कई स्कूलों में लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी पूरी हुई और बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सके। विधायक ने कहा कि बच्चों का भविष्य ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब तक सरकार की ओर से रिक्त पदों को नियमित रूप से नहीं भरा जाता, तब तक वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों ने विधायक विवेक शर्मा की इस पहल की खुलकर सराहना की।