अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मंगलवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
सत्ती ने अस्पताल में बनने वाले ट्रॉमा सेंटर और एमसीएस सेंटर के भवन को लेकर चल रही प्रक्रिया का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि दोनों केंद्रों के भवन की ड्राइंग तैयार कर ली गई है। इसे स्वास्थ्य विभाग के निदेशक के पास स्वीकृति के लिए भेजा है। इसकी मंजूरी मिलते ही भवन का एस्टीमेट तैयार कर कार्रवाई की जाएगी। सत्ती ने स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभागों के अधिकारियों को इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सत्ती ने अस्पताल भवन में स्थापित दवाओं की सिविल सप्लाई दुकान को भी यहां से शिफ्ट करने के निर्देश दिए। सत्ती ने कहा कि अस्पताल भवन में प्रवेश और निकासी के लिए दो द्वार बनाए गए थे लेकिन एक द्वार को सिविल सप्लाई की दुकान खोल कर बंद कर दिया गया है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में निकासी के लिए मात्र एक द्वार बच जाता है। इस दुकान को यहां से हटाकर अस्पताल के दूसरे द्वार को लोगों के लिए खोला जाएगा। उन्होंने अस्पताल के शवगृह के लिए बन रहे रास्ते का भी जायजा लिया और लोनिवि के अधिकारियों को इसे जल्द पूरा कर स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द करने के निर्देश दिए।
सत्ती ने अस्पताल कैंपस में करीब छह लाख रुपये की लागत से बन रहे पार्क का भी जायजा लिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रमन कुमार शर्मा, जिला चिकित्साधिकारी डॉ. निखिल सहोड, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन भूपिंद्र सिंह देहल, वन विभाग के बीओ पवन कुमार शर्मा समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।