संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित ट्रायल प्रक्रिया का नेतृत्व एचपीसीए के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा ने किया। चयन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 165 खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस से जुड़े विभिन्न परीक्षणों में भाग लिया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व रणजी खिलाड़ी जितेंद्र मेहता, रोहित अवस्थी और मनीष गुप्ता ने मुख्य चयनकर्ताओं की भूमिका निभाई। एचपीसीए के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि ट्रायल के आधार पर संभावित खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
चयनित खिलाड़ियों को आगामी दिनों में विशेष प्रशिक्षण शिविर में भेजा जाएगा, जहां उन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का लगातार आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम टीम का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कूच बिहार ट्रॉफी देश की सबसे प्रतिष्ठित जूनियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में से एक है और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रदेश की टीम इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करे।
चयनित खिलाड़ियों में अंकुश बेदी, महेश ठाकुर, पृथ्वी, पूरब, नितिन, अंकुश बैंस, अमनप्रीत, राघव बाली, हृतिक कालिया, विनय कुमार, दीप सिंह, अभिनव, राहुल अरोड़ा, उमेद सिंह, अजीज, अनिकेत, सुनंदन, अनिरुद्ध शर्मा, वंश कोचर, आदित्य अरोड़ा, लक्ष्यित, भावुकता, हर्षित, रोहित और विशाल शामिल हैं।