ऊना। खूबसूरत रायपुर मैदान गोबिंद सागर बांध का तट प्रवासी पक्षी बार हेडेड गीज की आमद से गुलजार हो गया है। शनिवार को इस प्रजाति के करीब 200 पक्षियों की संख्या दर्ज की गई। इन्हें देखने के लिए पयर्टक भी गोबिंद सागर बांध के तट पर पहुंच रहे हैं।
प्रवासी पक्षी वर्ष में एक बार सैकड़ों की संख्या के झुंड में रायपुर मैदान पहुंचते हैं। इन्हें देखने के लिए पर्यटक हमेशा इंतजार में रहते हैं। डीएफओ ऊना यशुदीप ने बताया कि प्रवासी पक्षी रायपुर मैदान पहुंचने के लिए हिमालय पार करने से पहले तिब्बत, कजाकिस्तान, मंगोलिया और रूस से दक्षिण की ओर से होकर आते हैं। बार हेडेड हंस दुनिया के सबसे ऊंची उड़ान भरने वाले पक्षियों में से एक है। इसके चलते बीते दिवस वन विभाग के कर्मचारियों के साथ एक नाव में बांध क्षेत्र का सर्वेक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रजाति को हिमालय पार करने से पहले तिब्बत, कजाकिस्तान, मंगोलिया और रूस से दक्षिण की ओर पलायन करना पड़ता है।
इसलिए इन विदेशी मेहमानों की रक्षा करना और देख-रेख करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। वन कर्मचारियों को स्थानीय लोगों में जागरूकता लाने और उन्हें दिशा-निर्देश देने के लिए कहा गया है। जिस जगह पर प्रवासी पक्षी आते हैं वहां और आसपास कूड़ा कचरा न फेंके। किसी भी तरह से इन पक्षियों का शिकार न करें। इन पक्षियों को किसी भी प्रकार का नुकसान पहुंचाना वन्य जीवन संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत अपराध की श्रेणी में है।