माहौल पर रिपोर्ट
हर राउंड पर लगे नारे, फूटे पटाखे
भाजपाइयों का जोश ठंडा, कांग्रेसी झूम-झूम कर नाचे
सुबह से मतगणना केंद्रों के बाहर पहुंच गए कार्यकर्ता
रायजादा-अग्निहोत्री की जीत पर नाचे कांग्रेस कार्यकर्ता
वीरेंद्र कंवर की जीत पर भाजपाइयों ने डाला भंगड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
स्थानीय इंदिरा मैदान में सुबह से ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता धीरे-धीरे समूहों में एकत्रित होना शुरू हो गए थे। सबके चेहरों पर एक उत्साह देखने को मिल रहा था। जैसे-जैसे गिनती का समय नजदीक आने लगा, कार्यकर्ताओं की भीड़ भी बढ़ती चली गई। धीरे-धीरे पूरी सड़क खचाखच भर गई। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता इंदिरा मैदान और ऊना कॉलेज के गेट के सामने सड़कों पर जमा हो गए। जैसे ही गिनती के हर राउंड के बाद सूचना आती, कार्यकर्ता सीटियों और नारेबाजी से खुशी मनाते। वहीं पटाखे फोड़ते। भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने प्रत्याशी की लीड होने की सूचना पर झूम उठते। ऊना सदर से सतपाल सत्ती और सतपाल रायजादा में कांटे की टक्कर रही। शुरुआती दौर से रायजादा हर राउंड में बढ़त हासिल करते रहे। हरोली से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश अग्निहोत्री हर राउंड पर आगे रहे जिससे भाजपा खेमे का जोश ठंडा पड़ता गया। दोपहर बाद जब कांग्रेस के ऊना से प्रत्याशी सतपाल रायजादा और हरोली के अग्निहोत्री की जीत का फैसला आया। रायजादा और अग्निहोत्री के समर्थक बैंड बाजे की धुन पर नाच उठे। बाहर आते ही कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ रायजादा का अभिनंदन किया और उन्हें कंधों पर उठा लिया। इसके जवाब में रायजादा ने हाथ जोड़कर सबका अभिवादन किया। करीब 20 मिनट तक सड़क पूरी तरह जाम रही। उसके बाद कुटलैहड़ विस क्षेत्र के कार्यकर्ता अपनेे प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर के जीतने का बेसब्री से इंतजार करने लगे। आखिरकार कुछ घंटे बाद जब कुटलैहड़ विस क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर के जितने का समाचार आया। कुछ ही देर में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और कंवर के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करने शुरू कर दी।
हार जीत का मार्जन लगाते रहे युवा
चुनावी नतीजे घोषित होने की प्रक्रिया के दौरान स्टेडियम में युवाओं में काफी जोश दिखा। युवा मतगणना के प्रक्रिया के दौरान हर राउंड पर हाथ में कापी पैन पकड़ कर वोटों का आकलन करते दिखे। कुछ-कुछ मिनटों के बाद जिले के रुझानों का भी बड़ी उत्सुकता से पता लगाते रहे। हर राउंड का अपडेट मोबाइल पर व्हाट्सऐप से अपने चहेतों को बताते रहे।
हर राउंड पर दी एक-दूजे को बधाई
मतगणना के दौरान इंदिरा स्टेडियम में हर राउंड की खबर आने पर कार्यकर्ता जीत की आस लिए एक दूजे को बधाई देते रहे। खास तौर पर युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रदेश के आंकड़ों को भी रहे संजीदा
मतगणना के दौरान अपने प्रत्याशियों की जीत के साथ कार्यकर्ताओं का ध्यान प्रदेश भर के आंकड़ों पर भी लगा रहा। घरों में बैठे कार्यकर्ता जब भी कार्यकर्ताओं से अपडेट पूछते तो वह भी उनसे प्रदेश के माहौल और सरकार के गठन की संभावनाओं की टोह ले रहे थे।