गगरेट (ऊना)। विस क्षेत्र गगरेट में हर दिशा की निगरानी के लिए अब तीसरी आंख की तैनाती की कवायद शुरू हो गई है। गगरेट में हर जगह निगरानी के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रही है।
पुलिस को अपराध को सुलझाने में सीसीटीवी कैमरे मदद करते हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब के लोग गगरेट क्षेत्र से से हिमाचल में प्रवेश करते हैं। धार्मिक एवं अन्य पर्यटकों के साथ कई बार असामाजिक तत्व भी देव भूमि में प्रवेश कर अनहोनी वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से यहां से निकल जाते हैं। हिमाचल पुलिस ने गगरेट कस्बे की अहमियत को समझते हुए अब चारों दिशाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रही है। दो कैमरे गगरेट बाजार के मध्य, दो कैमरे होशियारपुर मार्ग पर, दो कैमरे भरवाईं मार्ग पर, दो कैमरे ऊना मार्ग पर और दो कैमरे दौलतपुर मार्ग पर लगाए जाएंगे। पुलिस को इन कैमरों की मदद से अब चोरी, तस्करी और अन्य तरह के अपराध करने वाले अपराधियों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी।
इससे पहले गगरेट पुलिस ने होटल व्यवसायियों और उद्योगपतियों से बैठक करके कहा था कि जो कैमरे आपके सड़क मार्ग की तरफ हैं उनकी विजीविल्टी दूर तक करें। इससे उनकी मदद से अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकेगी। इससे पहले पुलिस विभाग उन्हीं कैमरों पर आश्रित था जो लोगों ने निजी कांप्लेक्स में लगाए हैं। लेकिन अब पुलिस के अपने कैमरे लगने से जल्द से जल्द अपराध करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसने में कामयाबी मिल पाएगी।
जल्द इंस्टाल होंगे सीसीटीवी : सुशील
गगरेट पुलिस थाना प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे आ चुके हैं। एक-दो दिन में उन्हें चिह्नित स्थानों पर इंस्टाल कर दिया जाएगा। इससे हर तरह के अपराध को रोकने में मदद मिलेगी और अपराधी भी शीघ्र पकड़ में आएंगे।