दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घनारी के बारहवीं विज्ञान संकाय के छात्र प्रशांत कौशल के पुनर्मूल्यांकन में 11 अंक बढ़ गए। इससे प्रशांत हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की बारहवीं की मेरिट सूची में दसवें पायदान पर आ गया है।
प्रधानाचार्य पीसी शर्मा ने बताया कि प्रशांत कौशल पुत्र बेबी एवं गुरमीत सिंह वासी दौलतपुर चौक बारहवीं के विज्ञान संकाय में 472 अंक थे। जो अब 11 अंक बढ़कर 483 हो गए। इससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ में हर्ष की लहर है। प्रशांत के मेरिट सूची में आने की सूचना मिलने पर विधायक राजेश ठाकुर स्कूल में पहुंचे और प्रशांत का मुंह मीठा करवाया। विधायक राजेश ठाकुर ने प्रशांत को क्षेत्र का गौरव बताया।
प्रशांत भी दसवें पायदान नाम पाकर फूले नहीं समा रहा। गौर रहे कि प्रशांत इस बार जेईई मेंस की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका है। उसने जेईई एडवांस की परीक्षा दे रखी है। इस अवसर पर प्राध्यापक ललित मोहन, डॉ. गुरदीप छोटू, अमित शर्मा, सूरज हांडा, जयचंद, डॉ. अशोक, संजीव शर्मा, बलविंद्र, मनोज, पवन शर्मा, बलवीर आदि उपस्थित रहे।