अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। इंदिरा मैदान ऊना में 28 जनवरी को होने वाले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को लेकर भाजपा ने तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी है। पन्ना प्रमुख सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
जिला मुख्यालय पर जगह-जगह पार्टी के झंडों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह सहित कई भाजपा के दिग्गज नेताओं के होर्डिंग बोर्ड लगाकर सजाया जा रहा है। सम्मेलन को एतिहासिक बनाने को लेकर भाजयुमो टीम भी फील्ड में जुट गई है। सम्मेलन में 30 हजार पन्ना प्रमुख हिस्सा लेंगे। इंदिरा मैदान में सभा स्थल का सजाया जा रहा है। अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। शाह के स्वागत को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सभा स्थल पर पन्ना प्रमुखों के खाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी संजीव कटवाल को सभा स्थल की व्यवस्थाओं का जिम्मा सौंपा गया है। वे लगातार तैयारियों का सभा स्थल पर जायजा ले रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती और संगठन महामंत्री पवन राणा मोर्चों प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से बैठकें करके पन्ना प्रमुख सम्मेलन को सफल बनाने में जुटे हैं। सम्मलेन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, पूर्व मुख्यमंत्री कुमार धूमल सहित विभागों और बोर्डों के चेयरमैन सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
फील्ड में डटे प्रचारक
चिंतपूर्णी (ऊना)। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुख सम्मेलन को लेकर संगठन ने कमर कस ली है। पार्टी ने हर 10 बूथों पर एक-एक प्रचारक को जिम्मा सौंपा है। 15 जनवरी से शुरू काम 28 तारीख तक जारी रहेगा। विस्तारक पन्ना प्रमुख, बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष, बूथ लेवल एजेंट और ग्राम केंद्र प्रमुख से मिलकर उन्हें अमित शाह के कार्यक्रम के लिए निमंत्रण और पहचान पत्र के साथ दे रहे हैं। फील्ड की फीडबैक भी ली जा रही है। इससे आने वाले लोकसभा चुनावों कर लिए कार्यकर्ताओं को हाईटैक किया जा सके।
चिंतपूर्णी में विस्तारक प्रताप सिंह रावत, सुनील कुमार और रोशन लाल डटे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से उन्हें इस क्षेत्र में विस्तारक की जिम्मेवादी दी गई है। विधायक बलवीर चौधरी ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों कर लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इससे मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितैषी कार्यों से आम जनता को अवगत करवाया जा सके।