गोंदपुर बनेहड़ा (ऊना)। क्षेत्र के गोंदपुर बनेहड़ा अपर के वार्ड पांच में कई माह से पेयजल किल्लत से लोग परेशान है। विभाग कर्मचारियों को बार-बार पेयजल किल्लत की समस्या से अवगत करवाने के बाद भी कोई भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है।
पानी न मिलने से क्षेत्र के लोगों में आईपीएच विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ रोष पनप रहा है। क्षेत्र वासियों रामपाल, प्यारे लाल, दया राम, कृष्णपाल सिंह, राधे मोहन, नरेश कुमार, गुरप्यारी देवी, केसरी देवी, सवरनी देवी ने बताया कि क्षेत्र में पानी की समस्या की समाधान न होने से कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बार-बार मांग करने पर भी कोई संतोषजनक कार्रवाई करने में विभाग नाकाम रहा है। पेयजल सप्लाई अनियमितता के पीछे नलकूप की मोटर खराब होने का कारण बताया जा रहा है। गौरतलब है कि इस नलकूप की मोटर पहले भी खराब हो चुकी है। मोटर में बार-बार खराबी का आना विभागीय कारगुजारी पर सवाल खड़े करता है। पेयजल सप्लाई रामभरोसे है। आलम यह है कि आसपास सप्लाई अच्छी है, लेकिन वार्ड पांच के घरों में समस्या जस की तस है। स्थानीय लोगों ने विभागीय उच्चाधिकारियों से पेयजल सप्लाई सामान्य करने की मांग की है।