ऊना।
ग्रामीण विकास, पंचायती राज, पशु एवं मत्स्य पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जिला का पहला कचरा प्रबंधन प्लांट कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत झलेड़ा में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पालमपुर की आइमा पंचायत में स्थापित कचरा प्रबंधन प्लांट का सरकार अध्ययन कर रही है। भविष्य में इसी के नतीजों पर आधारित प्रदेश में कूड़ा-कचरा के बेहतर प्रबंधन के लिए प्लांट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि झलेड़ा में स्थापित होने वाले कचरा प्रबंधन प्लांट को आउटसोर्स से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इससे जहां प्लास्टिक व गैर प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग किया जाएगा तथा जैविक खाद तैयार की जाएगी। वहीं, आसपास के पर्यावरण को भी स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलेगी। कंवर शुक्रवार को ग्राम पंचायत झलेड़ा में जन समस्याएं सुनने के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार गतिविधियों से स्वावलंबी व सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना शुरू की है। इसके माध्यम से 18 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं को 40 लाख के निवेश पर सरकार 25 प्रतिशत उपदान देगी।
युवतियों के लिए उपदान 30 प्रतिशत रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्य मंत्री गृहिणी सुविधा योजना से प्रदेश सरकार एक लाख महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन बांटेगी। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष बलवीर बग्गा, भाजपा मीडिया सह प्रभारी हरिओम भनोट, मंडल महामंत्री मास्टर तरसेम लाल, प्रधान मोनिका कौशल, उपप्रधान मनोहल लाल, कैप्टन मंगत राम, परस राम, गुरदयाल, सुरेंद्र च डढा, कमल चौधरी, दीपक यशपाल, सुखदेव, कश्मीरी लाल, एसडीम विनय मोदी, जिला पंचायत अधिकारी रमण शर्मा, पीओ डीआरडीए राजेंद्र गौतम, बीडीओ राजकुमार, अधिशासी अभियंता आरएस चंदेल उपस्थित थे।
जल निकासी को बनाई जाएंगी नालियां
उन्होंने स्थानीय पंचायत की मांग पर गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए नालियां बनाई जाएगी। इस बारे में संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए। उन्होंने झलेड़ा स्कूल को मिडल स्कूल करने की मांग पर कहा कि मामला प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने पंचायत कार्यालय में सभागार व चारदीवारी के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा पंचायत में जिम खोला जाएगा और कोहली मोहल्ले के रास्ता निर्माण के लिए सात लाख रुपये भी स्वीकृत किए। उन्होंने महिला मंडल भवन तथा राजीव गांधी सुविधा केंद्र की मरम्मत के लिए तीन लाख और पेयजल के लिए दो हैंडपंप लगाने को मंजूरी दी।