मेले को लेकर पंस सदस्यों ने दिखाई तल्खी
पंचायत सचिवों की अधिक संख्या का विरोध
हैवी पार्किंग में दोहरा शुल्क वसूलने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। मैड़ी होली मेले में पंचायत सचिवों की अधिक संख्या पर पंचायत समिति अंब के सदस्यों ने सवाल उठाया है। जबकि, इसके साथ ही मेले के लिए हैवी व्हीकल पार्किंग में नीलामी उठाने वाले ठेकेदार के अलावा जमीनों के मालिकों की तरफ से भी पार्किंग फीस वसूले जाने पर भी विरोध दर्ज करवाया हैै। मेले के लिए गठित सब कमेटी सदस्य पंचायत समिति सदस्य सुरेश मियां, केवल चंद, हरमेश चंद, नीलम कुमारी, अमरदीप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि मेले में आनेवाले श्रद्धालुओं से हैवी पार्किंग में दोहरा शुल्क वसूल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समिति की तरफ से हैवी व्हीकल पार्किंग के लिए नीलामी के बाद जो जगह मालिकों से ली थी वही जमीनों के मालिक समिति से जमीन का किराया लेने के बाद वहां पार्किंग शुल्क अदा करने के बाद भी श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क वसूल कर रहे हैं। समिति सदस्यों ने इसे श्रद्धालुओं से दोहरी लूट बताते हुए तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही समिति सदस्यों ने मेले के लिए जरूरत से अधिक पंचायत सचिवों की नियुक्ति पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि मेले के दौरान सचिवों की इस प्रकार से मेले में ड्यूटी के कारण पंचायतों में सामान्य कामकाज पर बुरा प्रभाव पड़ेगा और लोगों को भारी असुविधाओं से दो-चार होना पड़ेगा। उधर, इस संबंध में अतिरिक्त मेला अधिकारी एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने कहा कि यदि जमीन के मालिक जमीन किराए पर देने के बाद खुद भी शुल्क वसूल कर रहे हैं तो पंचायत समिति उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई कर सकती है। पंचायत सचिवों की अधिक संख्या पर ड्यूटी के बारे में बीडीओ से बात की जाएगी, जिससे पंचायतों में भी लोगों को असुविधा न हो।