अमर उजाला ब्यूरो
बंगाणा (ऊना)।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुंदला में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन स्वयंसेवियों ने भजन गाते हुए कुसान रणौता गांव की परिक्रमा की। स्वयंसेवियों ने स्कूल परिसर में एनएसएस वाटिका का निर्माण किया और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर रैली निकाल कर लोगों को बेटियों को शिक्षित करने का आह्वान किया। शैक्षणिक सत्र में थाना प्रभारी कमल नैन ने स्वयंसेवियों को भारतीय कानून व्यवस्था, नागरिकों के अधिकार और यातायात नियमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी स्वयं कानूनी मर्यादाओं में रहते हुए लोगों को भी कानूनों का पालन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। कानून नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए होते हैं। इसके बाद भौतिक शास्त्र के प्रवक्ता राममूर्ति शर्मा ने स्वयंसेवियों को अपने व्यक्तित्व का विकास कैसे किया जा सकता है, विषय पर विस्तार से व्याख्यान दिया। कार्यक्रम अधिकारी राजपाल कुटलैहड़िया, पवना शर्मा उपस्थित रहे।