अमर उजाला ब्यूरो
गगरेट (ऊना)।
पुलिस थाना गगरेट के तहत एक गांव की चौथी कक्षा में शिक्षा ग्रहण कर रही छात्रा के साथ दुराचार के प्रयास करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार चौथी कक्षा में पढ़ने वाली सात वर्षीय बच्ची स्कूल से छुट्टी के बाद घर वापस आ रही थी। इस दौरान एक 80 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति कथित तौर पर बच्ची को बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले गया।
जहां उसने उसके साथ दुराचार करने का प्रयास किया। इसी दौरान रास्ते में कुछ महिलाएं और युवक उधर से गुजर रहे थे। उन्होंने जब देखा तो तुरंत बच्ची को बुजुर्ग के चंगुल से छुड़ाया। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।