अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ऊना में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत उपमंडल स्तरीय मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सिलाई अध्यापिकाओं, नेहरू युवा केंद्र, युवक और महिला मंडलों सदस्यों ने भाग लिया। उपायुक्त ऊना विकास लाबरू ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसडीएम ऊना पृथी पाल सिंह भी मौजूद रहे। ब्वॉयज स्कूल ऊना के परिसर से लेकर बाजार होते हुए नगर परिषद पार्क तक रैली का आयोजन किया।
लोगों से 90 प्रतिशत मतदान कराना है, ऊना को शिखर पर लाना है; छोड़ो अपने सारे काम चलो करें मतदान आदि नारों से नौ नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में लोगों से मतदान केंद्र में पहुंच कर अपना वोट जरूर डालने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना विकास लाबरू ने जिला वासियों से आह्वान कर कहा कि नौ नवंबर को लोकतंत्र की मजबूती के जिला का प्रत्येक मतदाता अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि 2012 विधानसभा चुनाव में मत प्रतिशतता 73.74 प्रतिशत रही जिसमें महिलाओं की भागीदारी लगभग 78 और पुरुषों की भागीदारी 69 प्रतिशत थी।
उन्होंने सभी जिला के मतदाताओं से निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अधिक से अधिक संख्या में अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह के अतिरिक्त उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा एचआर गुलेरिया, बीडीओ ऊना अश्मिता ठाकुर, एपीआरओ राजेश जसवाल, ऊना स्वीप टीम के सदस्य केएल शर्मा, आनंद शर्मा, पंचायत निरीक्षक रविदत्त, आंगनबाडी पर्यवेक्षिकाएं, एनएसएस समन्वयक अंजु, शकुंतला, युवा सेवाएं एवं नेहरू युवा मंडल से अंजु, पूजा, राजन, राहुल, धीरज, सौरभ उपस्थित रहे।