माता सिमसा के दरबार में दर्शनों के के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
बारिश के बीच माता सिमसा के दरबार में उमड़े श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
लडभड़ोल (मंडी)। चैत्र नवरात्र के पहले दिन वीरवार को संतान दात्री माता सिमसा के दरबार में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का तांता लगा। हल्की बारिश के बीच जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। इस बार लगभग 150 महिलाएं संतान प्राप्ति की कामना के साथ मंदिर प्रांगण में भक्ति में लीन होकर स्वप्न फल पाने आईं। दिनभर मंदिर में माता की भेंटों, जयकारों और घंटियों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। निसंतान दंपती भी संतान सुख की प्रार्थना के लिए मंदिर पहुंचे। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर कमेटी ने सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शारदा माता मंदिर कमेटी के सचिव ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। विशेष रूप से संतान प्राप्ति की कामना लिए भारी संख्या में महिलाएं मंदिर प्रांगण में स्वप्न के लिए पहुंच रही हैं। नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए युवक मंडल सिमस के सौजन्य से भंडारे का आयोजन किया गया है, जो पूरे 10 दिनों तक चलेगा। इस पुण्य कार्य में स्थानीय युवा भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं और अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
माता सिमसा के दरबार में दर्शनों के के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद