संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में सोमवार को 15 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। श्रद्धालुओं का आवागमन दिनभर जारी रहा। सोमवार को माता के दर्शनों के लिए लाइनें नहीं लगी।
सोमवार को दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में ज्यादातर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों मथुरा, अलीगढ़, लखनऊ इत्यादि से पहुंचे। इसके अतिरिक्त देश के विभिन्न प्रदेशों से भी श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे थे। माता के भक्त बड़ी श्रद्धा से जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंच रहे हैं।
नवरात्र के दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु व्रत भी रखते हैं जिनके लिए चिंतपूर्णी स्थित कई ढाबों पर व्रत के खाने का विशेष रूप से प्रबंध किया गया है।
व्रत के खाने में खीर, पूरी आलू इत्यादि शामिल हैं। शारदीय नवरात्र के सात दिनों के दौरान 79 लाख 52 हजार रुपये नकदी चढ़ावे के रूप में मंदिर न्यास को प्राप्त हुई है। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि सोमवार को 15 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया और दिनभर श्रद्धालुओं की रौनक बनी रही। उत्तर प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक थी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्था की हुई है।