ऊना। हिमाचल पथ परिवहन निगम के ऊना डिपो के बेड़े में जल्द ही नई बसों को शामिल किया जाएगा। एचआरटीसी ऊना डिपो के लिए 15 और इलेक्ट्रिक बसें हरोली बस अड्डे पर पहुंची हैं। इससे पहले कंपनी ने रविवार को 5 ई-बसों को हरोली बस अड्डे में पहुंचा दिया था। सोमवार शाम छह बजे तक हरोली बस अड्डे में 10 बसें पहुंची, देर शाम को पांच ई-बसों को हराली बस अड्डे में पहुंचाया गया। कंपनी की ओर से इन बसों की प्री-डिलीवरी इंस्पेक्शन (पीडीआई) प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद बसों को औपचारिक रूप से एचआरटीसी ऊना डिपो के हवाले कर दिया जाएगा। निगम ने इनके संचालन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। रूट प्लान तय हो चुका है और चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित कर दिए गए हैं।
निगम ने ई-बसों के संचालन को देखते हुए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पहले ही तैयार कर लिया है। हरोली बस अड्डे पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं ताकि बसों की चार्जिंग और संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न आए। कंपनी की तकनीकी टीम फिलहाल बसों का परीक्षण कर रही है और पीडीआई प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें जल्द सड़कों पर उतार दिया जाएगा। बता दें कि ऊना एचआरटीसी डिपो को करीब 35 ई-बसें मिलनी हैं।
सोमवार को 15 और ई-बसें ऊना पहुंच गई है, जिन्हें कंपनी ने अभी हरोली बस अड्डे पर खड़ा किया है।
- राजेश जोशी, कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक, एचआरटीसी ऊना डिपो