ऊना। दिवाली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में वीरवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बंगाणा, पीरनिगाह मार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खुले में रखी करीब 15 किलो रंगीन मिठाई को फिंकवाया गया। वहीं, विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 15 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान टीम ने मिठाइयों के रखरखाव और गुणवत्ता की जांच की। खुले में रखी रंगीन मिठाई को स्वास्थ्य के लिहाज से अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करवाया गया। विभागीय टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
बर्फी, पनीर और तेल के नमूने लिए
अभियान के दौरान बर्फी के दो, पनीर के तीन, कलाकंद, बेसन के लड्डू, पेठा, गुलाब जामुन, डोडा बर्फी, सरसों तेल और डालडा सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 15 सैंपल भरे गए। इसके अलावा पानी के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दिवाली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग की ओर से बाजारों में निरीक्षण किया जा रहा है। वीरवार को बंगाणा क्षेत्र में 15 किलो मिठाई नष्ट करवाई है। साथ ही विभिन्न पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भरे हैं।
-जगदीश धीमान, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग ऊना