ऊना। हरोली के पोलियां बीत में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क (बीडीपी) का परिसर सौर ऊर्जा से प्रकाशित होगा। बल्क ड्रग पार्क परिसर में 14.2 मेगावाट सोलर प्लांट स्थापित होगा। इस सोलर प्लांट के लिए किसी भूमि का चयन नहीं किया जाएगा।
बल्क ड्रग पार्क की तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में बताया गया है कि व्यावसायिक भवनों की छतों, विभिन्न क्षेत्रों, विद्युत उपयोगिता क्षेत्र और ट्रीटमेंट यूनिटों में सोलर पैनल लगाकर 14.2 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाएगा।
बीडीपी की आंतरिक सड़कों और बफर क्षेत्रों में बैटरी बैकअप वाले सोलर पैनल लगाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। इससे जरूरत पड़ने पर संग्रहित सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जा सकेगा। उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपने-अपने परिसरों, विशेषकर भवनों की छतों पर सौर ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाने का भी प्रस्ताव है।
डीपीआर के अनुसार पार्क परिसर में 20 एमवीए क्षमता के छह विद्युत सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनकी कुल क्षमता 120 एमवीए होगी। इन सब स्टेशनों से 11 केवी के आठ फीडर निकालकर औद्योगिक इकाइयों तक बिजली पहुंचाने का प्रस्ताव है।
बीडीपी में स्थापित होने वाले 60 उद्योगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था तैयार की जा रही है। सब स्टेशनों के लिए भूमि का चयन भी किया जा चुका है।
बिजली के इस नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 28.50 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। पार्क के विकास के लिए गोंदपुर जयचंद में करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से 12.6 एमवीए क्षमता का सब स्टेशन बन कर तैयार किया जा चुका है।