ऊना। सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने से मौसम का मिजाज बदल गया। जिले में सुबह से मौसम का मिजाज ऊना में बदला-बदला सा दिखा। इससे एकाएक तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
ठंड की दस्तक के साथ लागों ने भी गर्म वस्त्र निकाल लिए हैं। दिन भर बादल छाए रहने से धुंध जैसा मौसम बना रहा। बदलते हुए मौसम से लोग वायरल फीवर, खांसी, जुकाम की चपेट में भी आ रहे हैं। स्थानीय लोगों कमल, गोपाल, राम कुमार, राकेश, चेतन, दीपक, भगवंत किशोर, सरवण, अंजना, अनुराधा, प्रतिभा, किरण, मीनाक्षी, सुनीता, ममता का कहना है कि मौसम में हो रहे बदलाव से ज्यादातर बच्चे एवं बुजुर्ग खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आ रहे हैं।
सोमवार को जिला में अधिकतम तापमान 28 एवं न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को बदलते मौसम में एहतियात बरतने की सलाह दी है। इन दिनों सुबह शाम की ठंड जुकाम जैसे कई रोगों को जन्म देती हैं। इससे संक्रमण बढ़ सकता है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निखिल का कहना है कि शुरुआती ठंड के मौसम को हल्के में न लें। उन्होंने कहा छोटे बच्चों को गर्म कपड़े पहना कर रखें एवं खान-पान में भी एहतियात बरतें।