अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
जिला में इन दिनों चल रही भयंकर शीत लहर ने लोगों की मुसीबतों को बढ़ाना शुरू कर दिया है। हालत ऐसी है कि ऊना के लोग घनी धुंध और कोहरे के बीच सूर्यदेव के दर्शनों को तरस रहे हैं। हर दिन छाई रहने वाली धुंध का जाल टूटता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी कुछ दिन और लोगों को मौसम की मार सहनी पड़ेगी। हालत ऐसे हैं कि जिला में इन दिनों दिन ढलने से पहले ही धुंध पड़ना शुरू हो जाती है और अगले दिन दोपहर तक लोगों को निजात नहीं मिल पा रही।
शुक्रवार को सुबह के समय घनी धुंध छाई रही। देर दोपहर बाद धूप खिली लेकिन कुछ देर बाद मौसम का मिजाज बदल गया। घनी धुंध से लोगों को कड़ाके की सर्दी का प्रकोप सहना पड़ रहा है, सड़कों पर भी वाहन चालकों को मुसीबतों से दो चार होना पड़ रहा है। मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद कुमार शर्मा का कहना है कि अभी कुछ दिन और लोगों को इसी मौसम से निपटना पड़ेगा।