अमर उजाला ब्यूरो
लठियाणी(ऊना)।
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लोगों को सर्दियों में भी पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसके चलते लोगों ने आईपीएच विभाग बंगाणा की कार्यप्रणाली को संदेह केे घेरे में खड़ा कर दिया है। लोगों का आरोप है कि चुनावों से पहले तो क्षेत्र में पेयजल सप्लाई सुचारु थी लेकिन चुनाव खत्म होते ही सप्लाई ठप्प होकर रह गई है। इससे उनको परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि वोट डलने के बाद चुनावी वायदे परिणामों से पहले ही अपना जवाब दे गए हैं।
पेयजल समस्या पेश आने से उनको पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ऐसे में उनकी समस्या को सुनने वाला कोई नहीं है। आईपीएच विभाग भी मसले को गंभीरता से नहीं ले रहा है। क्षेत्र की पंचायत बुधाणा, लठियाणी सहित आधा दर्जन पंचायतों में पिछले तीन दिन से समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों में मनोज कुमार, कर्म चंद, ओम प्रकाश, संजीव कुमार, मेहर चंद, मंजू बाला, सुभाष वोहरा, संजीव कुमार ने कहा कि यदि उनके क्षेत्र में पेयजल समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो उनको मजबूरन आईपीएच विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इसकी जिम्मेवारी विभाग की होगी।
आईपीएच विभाग के अधीक्षण अभियंता एनएम सैणी ने कहा कि समस्या को शीघ्र हल कर दिया जाएगा।