अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
जिला ऊना में लावारिस कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। लावारिस कुत्तों से जहां स्थानीय लोग परेशान है, वहीं बाहरी राज्यों से ऊना पहुंचे लोग भी कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। ताजा मामले में ऊना शहर में चुनावी ड्यूटी पर तैनात 40 वर्षीय बीएसएफ जवान को कुत्ते ने काट लिया। घायल अवस्था में जवान को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक बीएसएफ जवान पंजाब निवासी गुरदेव सिंह वीरवार को ऊना शहर में चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान एक लावारिस कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। गुरदेव सिंह के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने कुत्ते के चुंगल से छुड़ाया। कुत्ते के हमले में घायल जवान को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि जवान का उपचार किया गया। हालत खतरे से बाहर है।