ऊना। ऊना जिले समेत बिलासुपर तथा हमीरपुर के शहरी क्षेत्र में लोगों को घर-द्वार पर पाइप नेचुरल गैस मुहैया कराने के मकसद से भारत पेट्रोलियम ने खाका तैयार कर लिया है। भारत पेट्रोलियम के मुख्य प्रबंधक गैस राजिंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि इसको लेकर बीपी ने रूट मैप तैयार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि एक साल के अंदर कंपनी इन जिलों में पाइपलाइन नेटवर्क बिछा लेगी। उसके अगले साल के अंत तक घरों को गैस के कनेक्शन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा तथा सांसद अनुराग ठाकुर वीरवार दोपहर बाद स्थानीय इंदिरा स्टेडियम से योजना का शुभारंभ करेंगे। इसी दौरान ऊना के दो स्टेशनों को सीएनजी से जोड़ने के कार्य का भी शुभारंभ किया जाएगा। सीएनजी पेट्रोल के मुकाबले 25 से 30 फीसदी सस्ता व और प्रदूषण रहित इंधन है। इसके अलावा ऊना पीएनजी से जुड़ने वाला प्रदेश का पहला शहर होगा। यहां लोगों को घर-द्वार पर पाइपलाइन के जरिए गैस उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि नंगल तक पीएनजी यानी पाइप नेचुरल गैस पहुंच चुकी है। सबसे पहले इससे ऊना नगर परिषद को कनेक्ट किया जाएगा। इसके साथ ही हमीरपुर और बिलासपुर शहर में इस योजना का निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि यह गैस सिलिंडर के बजाय 15 प्रतिशत सस्ती पड़ेगी। उन्होंने बताया कि कंपनी का दस वर्षों में 28 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य है। संभव हुआ तो साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इस मौके पर सहायक प्रबंधक रिटेल रवनीत सिंह के अलावा टैरिटोरी मैनेजर रिटेल विपन दास मौजूद रहे।