भरवाईं (ऊना)।
चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। मंदिर न्यास ने अब श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब एक लाख की लागत से करीब 30 मार्गदर्शन बोर्ड लगाए हैं। मार्गदर्शन बोर्ड पर मंदिर से संबंधित सूचनाएं अंकित की गई हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में पहुंचने के लिए काफी परेशानियां पेश आती थीं लेकिन अब उनकी मुश्किलें आसान होंगी। ये सारे बोर्ड एल्यूमिनियम की शीट पर बनाए गए हैं।
चिंतपूर्णी मंदिर में कोई सूचना सहित बोर्ड न होने से कई बार श्रद्धालुओं को यही नहीं पता लग पाता था कि मंदिर का प्रदेश द्वार कौन सा है और बाहर निकलने के लिए कौन सा रास्ता है। मंदिर में कंट्रोल रूम कहां है। इसके अलावा शौचालय कहां पर बनाए गए हैं। मंदिर परिसर में लंगर हाल किधर बनाया गया है और दिव्यांगों की लिफ्ट किधर है। अब हर ये सब सूचना श्रद्धालुओं को जगह-जगह लगे बोर्डों पर लिखी हुई मिल जाएगी।
इन बोर्डों पर किसी भी शिकायत और सहायता के लिए बाकायदा मंदिर कार्यालय का फोन नंबर भी अंकित किया है। यह बोर्ड मंदिर की एंट्री गेट पर मंदिर परिसर के भीतर, मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार, आउट गेट और अन्य उचित जगह पर लगाए हैं। एसडीएम सुनील वर्मा ने बताया कि चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं मार्गदर्शन बोर्ड से मुहैया करवाने के लिए बोर्ड लगवाए गए हैं।