ऊना। सदर विधानसभा ऊना के विकास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा में ठन गई है। सत्ती जहां सत्ता में अपनी पकड़ को भुना रहे हैं वहीं, निर्वाचित विधायक होने के बावजूद प्रशासनिक अमले में तवज्जो न मिलने से रायजादा आहत हैं। जाहिर तौर पर दोनों ही ओर से आरोप-प्रत्यारोप से विस क्षेत्र का सियासी माहौल खराब हो रहा है। एक-दूसरे के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियों पर उतरे दोनों नेताओं की बयानबाजी से सियासत गर्म है। जबकि, सियासी दलों से जुड़े लोग नेताओं की आपसी चुहलबाजी के चटकारे ले रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि अभी एक नेता का बयान जारी होता ही है, वहीं दूसरी तरफ उसके जवाब में दूसरे नेता की प्रतिक्रिया पहुंच जाती है। जाहिर है कि नेताओं की इस आपसी टसल में आम जनता का ही नुकसान होगा। बुधवार को भी एक ओर विधायक सतपाल रायजादा की ओर से भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ कई व्यक्तिगत टिप्पणियां की गईं तो दूसरी ओर भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश भड़ोलियां अपने लाव-लश्कर सहित रायजादा पर टूट पड़े। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती चुनाव हारने के बावजूद सत्ता के करीब हैं और उन्होंने इसी रसूख का फायदा उठाकर सदर विस के विकास का खाका तैयार किया है, जो दूसरी ओर विधायक सतपाल रायजादा को नागवार गुजर रहा है। प्रशासनिक स्तर पर विधायक को तवज्जो न मिलने से रायजादा रोष में है। उन्होंने भाजपा की सियासत के संदर्भ में जनता को साथ लेकर आंदोलन तक करने का एलान किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि विधानसभा क्षेत्र ऊना में आगामी दिनों में सियासत और भी गरमा सकती है।