तलमेहड़ा में जाम की समस्या से परेशान
जोल (ऊना)। उपतहसील जोल के तहत तलमेहड़ा बाजार के चौक में हर दिन शाम के समय जाम लग रहा है। चौक में आए दिन लग रहे जाम से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तलमेहड़ा बाजार के चौक पर बेतरतीब पार्किंग से सड़क पर जाम लग रहा है। सड़क पर जाम लगने से वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके अलावा कई बाइक सवार युवक प्रेशर हॉर्न और मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। ऐसे शरारती तत्वों पर नकेल कसने के लिए स्थानीय पुलिस भी नाकाम दिखाई दे रही है। उधर, पुलिस थाना बंगाणा के प्रभारी कमल नैन का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि जल्द लोगों की जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी और बिगडै़ल चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।