अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
सैनिक स्कूल, सुजानपुर टीहरा में शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए छठी की 80 सीटों और नौवीं की 10 सीटों की प्रवेश परीक्षा के लिए 30 नवंबर तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र प्रिंसिपल, सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा जिला हमीरपुर -176110 के कार्यालय में 5 दिसंबर को शाम 5 बजे तक पहुंच जाने चाहिए।
निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र, गलत और अधूरे आवेदन पत्र रद कर दिए जाएंगे। एक बार आवेदन पत्र का दिया शुल्क वापस नहीं होगा। प्रवेश परीक्षा 7 जनवरी (रविवार) को होगी। छठी की प्रवेश परीक्षा के लिए पांचवीं के आधार पर हिंदी, अंग्रेजी माध्यम में गणित, सामान्य ज्ञान (विज्ञान और सामाजिक अध्ययन), भाषा, बुद्धि विषयों पर आधारित होगी। नौवीं की प्रवेश परीक्षा के लिए 8वीं के आधार पर हिंदी/अंग्रेजी माध्यम में गणित, सामान्य ज्ञान (विज्ञान और सामाजिक अध्ययन), भाषा, बुद्धि, अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान, सामाजिक अध्ययन पर आधारित होगी। प्रवेश परीक्षा धर्मशाला, मंडी, शिमला और सुजानपुर टीहरा में होगी। यह जानकारी जिला सैनिक कल्याण उप निदेशक रघुवीर सिंह ने दी।
छठीं के लिए अभ्यर्थी पांचवीं उत्तीर्ण और जन्म तिथि 2 जुलाई 2007 से लेकर एक जुलाई 2008 तक होनी चाहिए। नौवीं के लिए आठवीं उत्तीर्ण होना चाहिए। जन्म 2 जुलाई 2004 से लेकर एक जुलाई 2005 का होना चाहिए। प्रोस्पेक्ट्स-कम-एप्लीकेशन फॉर्म 30 नवंबर तक निर्धारित शुल्क पर प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रोस्पेक्ट्स-कम-एप्लीकेशन फॉर्म शुल्क सामान्य वर्ग, सेवारत और भूतपूर्व सैनिकों के लिए ऑनलाइन आवेदन फीस 400 रुपये, अथवा सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के काउंटर पर कार्यालय अवधि में सायं 3 बजे तक 400 रुपये और डाक द्वारा 450 रुपये और अनुसूचित, अनूसूचित जनजाति के लिए ऑनलाइन और काउंटर पर 250 रुपये और डाक द्वारा 300 रुपये निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी जिला शिमला, सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा जिला हमीरपुर और बीबीएन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोह जिला ऊना केंद्रों पर होगी।