अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
क्षेत्र के एमआईए डीएवी स्कूल मैहतपुर और माउंट एवरेस्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कुठारकलां में स्वीप के तहत भाषण और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के अलावा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इसमें स्कूल के बच्चों के माध्यम से लोगों को भारत के लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपने वोट का प्रयोग अवश्य करने का संदेश दिया। इस शिविर में स्वीप टीम सदस्य डॉ. किशोरी लाल ने मतदाताओं से कहा कि सुदृढ़ लोकतंत्र की स्थापना के लिए स्वयं मतदान करें और।
वहीं अन्य मतदाताओं को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें ताकि जिला में 90 प्रतिशत तक मतदान कर प्रदेश में ऊना को नंबर एक बनाया जा सके। उन्होंने इस बार होने वाले मतदान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घर-गांव में मतदाताओं को उनके वोट की महत्ता के बारे में जानकारी दें। उन्हें आम विधान सभा चुनावों में मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
स्वीप टीम सदस्य अशोक धीमान ने कहा कि मतदान करना हमारा मौलिक अधिकार है और हमारा मत अमूल्य है, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी दवाब और भय के प्रत्येक मतदाता को लोकतंत्र की सुदृढ़ता के लिए मतदान केंद्र जाकर वोट डाल कर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकाधिक मतदान ही सुदृढ़ लोकतंत्र का आधार होता है। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने एक जागरूकता रैली का आयोजन किया और आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में डीएवी मैहतपुर की तान्या प्रथम, तन्वी द्वितीय और आंचल तृतीय स्थान पर रही। भाषण प्रतियोगिता में अनन्या प्रथम, हिमांगी द्वितीय तथा श्वेता तृतीय स्थान पर रही।