ऊना। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को टाहलीवाल स्थित नेस्ले औद्योगिक इकाई का दौरा किया। उन्होंने यहां बन रहे उत्पादों और कामगारों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि नेस्ले की इकाई स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के अलावा अपने सामाजिक सरोकार भी निभा रही है। विभिन्न स्कूलों में इस कंपनी की ओर से विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने मैस का भी दौरा किया और भोजन की गुणवत्ता को सराहा। इस अवसर पर नेस्ले के यूनिट हेड मनमोहन धर ने उद्योग मंत्री को बताया कि नेस्ले के उत्पादों की विश्व के कई देशों में धूम है। नेस्ले के नॉर्थ इंडिया कारपोरेट हेड जसपाल सिंह सिद्धू ने उद्योग मंत्री को बताया कि गोंदपुर बुला स्थित महात्मा गांधी पार्क में नेस्ले द्वारा पीने के पानी का बड़ा टैंक भी बनाया जाएगा। इस अवसर पर एसके धीमान, मनमोहन धर, अर्शप्रीत, संजय सिंह रावत और नरेश प्रभु भी उपस्थित थे।