बंगाणा (ऊना)। सामाजिक कल्याण संस्था उड़ान समूह की ओर से रविवार को 10वीं कक्षा पास कर चुके विद्यार्थियों के लिए उड़ान टेलेंट सर्च प्रतियोगिता एमसेट 2025 का आयोजन ऊना, बंगाणा और अंब में करवाया गया। इसमें 125 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य गरीब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा दिलाना है।
परीक्षा के बाद संस्था मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए पात्रता अनुसार छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। संस्था के मुख्य संरक्षक योगराज भारद्वाज ने बताया कि परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक की अनिवार्यता को पूर्ण कर प्रथम 11 स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को वार्षिक समारोह में बुलाया जाएगा। यहां उन्हें छात्रवृत्ति और उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। परीक्षा को करवाने के लिए क्षेत्र के कई स्कूल प्राचार्य ने सहयोग किया। -संवाद