ऊना में जल्द शुरू होगा स्वीमिंग पूल : डीसी
स्वीमिंग पूल की मरम्मत का कार्य जारी, 15 मई तक दुरुस्त होने की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
इंदिरा स्टेडियम ऊना स्थित स्वीमिंग पूल को जल्द शुरू किया जाएगा। उपायुक्त ऊना राकेश प्रजापति ने कहा कि स्वीमिंग पूल का मरम्मत कार्य प्रगति पर है। आगामी 15 मई तक इसके शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि स्वीमिंग पूल को जल्द शुरू करने के लिए उन्होंने स्वयं मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया है। उन्होंने बताया कि छोटा पूल पूरी तरह तैयार है तो बड़े पूल का मरम्मत कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि बड़े स्वीमिंग पूल को सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर बनाया जा रहा है ताकि नहाते समय किसी भी अप्रिय घटना की संभावना न रहे। उन्होंने बताया कि बड़े पूल को ढलान देकर सुरक्षित बनाया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि स्वीमिंग पूल की मरम्मत के लिए अब तक 18 लाख से अधिक राशि स्वीकृत की है। उन्होंने कहा कि स्वीमिंग पूल को चलाने के लिए विज्ञापन से टेंडर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्वीमिंग पूल के लिए जाने वाले रास्ते को भी दुरुस्त किया जा रहा है। एसडीएम ऊना को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दे दिए हैं।