अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक (ऊना)।
नगर पंचायत दौलतपुर चौक के साथ लगते गांव में खुल रहे ट्रेड फेयर पर स्थानीय दुकानदारों और व्यापारी वर्ग ने कड़ा एतराज जताया है। स्थानीय दुकानदारों में राकेश चौधरी, सन्नी, विशाल, बंटी, हरबंस, राजीव और राकेश ने बताया कि नगर पंचायत दौलतपुर चौक बाजार के पास ट्रेड फेयर बाहरी व्यापारियों की ओर से लगाया जा रहा है। इस ट्रेड फेयर से स्थानीय व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होगा।
उन्होंने बताया कि कुछ दिनों के लिए ये लोग फेयर के नाम पर दुकानें सजाते हैं और लोगों को हल्का सामान बेचकर रफूचक्कर हो जाते हैं। वहीं बाजार में भारी-भरकम किराया भरकर दुकानें चला रहे कारोबारियों का इस ट्रेड फेयर से धंधा चौपट हो जाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित विधायक राजेश ठाकुर और एसडीएम अंब से मांग की है कि इस ट्रेड फेयर को तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए नहीं दुकानदार ट्रेड फेयर केे विरोध में सड़कों पर उतरेंगे।