अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
जिला में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो छात्राओं के डेंगू की चपेट में आने के बाद अब एक और छात्रा डेंगू ग्रस्त हो गई है। उसे उपचार के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। तीनों पीड़ितों का उपचार ऊना अस्पताल में चल रहा है। ऊना निवासी एक 24 वर्षीय युवती को कुछ दिन पहले बुखार की शिकायत हुई। इस पर स्थानीय स्तर पर उपचार लेने पर जब कोई फर्क नहीं पड़ा तो पीड़ित को परिजन ऊना अस्पताल लेकर आए।
यहां चिकित्सकों ने उसे डेंगू टेस्ट की जांच की सलाह दी। रिपोर्ट में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि पीड़ित मरीज के रक्त नमूनों को उच्च स्तरीय लैब में जांच के लिए भेजा है। डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर इसे डेंगू टेस्ट करवाने के लिए परामर्श दिया गया। उच्च स्तरीय लैब की रिपोर्ट आने के बाद डेंगू की पुष्टि की जा सकती है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती ऊना में एक शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा ग्रहण कर रही है।
जिला में डेंगू के रोगियों की संख्या आए दिन बढ़ रही है। ज्यादातर मरीज बाहरी राज्यों में ही डेंगू की चपेट में आए हैं। अब तक लगभग 15 मरीज डेंगू से पीड़ित पाए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिला के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू को लेकर अलर्ट जारी किया है।